
आचार्य विजय कुमार मंडल की सेवा-निवृति पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
आचार्य विजय कुमार मंडल की सेवा-निवृति पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
मुंगेर से संतोष कुमार की रिपोर्ट।
वरिष्ठ माध्यमिक सरस्वती विद्या मंदिर, मुंगेर में मंगलवार को आचार्य विजय कुमार मंडल की सेवा-निवृति पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में मुंगेर के विधायक प्रणव कुमार यादव की भी उपस्थिति रही जिन्हें विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अमरनाथ केशरी एवं प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
अपने गुरु विजय कुमार मंडल के विदाई समारोह में आए मुंगेर के विधायक प्रणव कुमार यादव ने कहा कि गुरु का स्थान श्रद्धा का है। जनता की सेवा एक सेवक की भांति करता रहूंगा। राष्ट्र की सेवा हमारे लिए सर्वोपरि है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अमरनाथ केशरी ने कहा कि विजय कुमार मंडल ने विद्यालय के कार्य को निष्ठापूर्वक निभाया। साइंस प्रयोगशाला के आधुनिकीकरण में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। साइंस को प्रयोगात्मक विधि से भैया-बहनों को समझाना इनकी प्रमुख विशेषता रही है। इनके व्यवस्थित कार्यों की प्रशंसा सर्वत्र होती है। अब इन्हें सामाजिक कार्यों में भी योगदान देने का समय मिलेगा।
अपने अनुभव कथन में आचार्य विजय कुमार मंडल ने कहा कि ईमानदारी से कार्य करने वाले को ईश्वर भी मदद करते हैं। कार्य अच्छा करने पर आत्मिक संतोष मिलता है। कार्य को यथाशीघ्र निष्पादन करना चाहिए। इससे आगे के कार्य को करने में सुविधा होती है। कमजोर बच्चों को योग्य बनाना आचार्य की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके पूर्व आचार्य काशीनाथ मिश्र ने विजय कुमार मंडल का परिचय वृत रखते हुए कहा कि साइंस के आचार्य के रुप में प्रयोगशाला के प्रति रुचि इन्हें बचपन से ही रही है। इन्होंने अपने दायित्व का निर्वाह सफलता पूर्वक किया।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक ने कहा कि विजय कुमार मंडल को अपने आचार विचार एवं कुशल नेतृत्व के लिए सर्वत्र सराहना मिली। सारी व्यवस्था सुचारु रुप से चले इसका चिंतन हमेशा करते रहे।
विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अमरनाथ केशरी द्वारा आचार्य विजय कुमार मंडल को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट किया गया।
अतिथि परिचय क्षेत्रीय बालिका शिक्षा संयोजिका कीर्ति रश्मि ने किया वहीं कार्यक्रम का संचालन आचार्य अरुण कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य उज्ज्वल किशोर सिन्हा, प्रांतीय सोशल मीडिया प्रमुख संतोष कुमार सहित विद्यालय के समस्त आचार्य उपस्थित थे।